क्या मधुमेह रोगी चावल और आलू खा सकता है?HealthPlanet

Posted on Tue 6th Dec 2022 : 10:53

इस तरीके से शुगर के मरीज भी खा सकते हैं चावल और आलू, नहीं करेगा नुकसान

गोरखपुर, जेएनएन। शुगर के मरीज यदि अपने खान पान का तरीका सही कर लें तो वे चावल और आलू काे भी अपनी थाली का हिस्‍सा बना सकते हैं। संतुलित मात्रा में लेने पर चावल और आलू भी शुगर में नुकसान नहीं करेगा। यह बातें उत्तर प्रदेश डायबिटीज एसोसिएशन के आगरा में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मलेन में खुलकर सामने आईं। इस सम्‍मेलन में वरिष्‍ठ चिकित्‍सकों के शोध पर चर्चा हुई।

गोरखपुर के चिकित्‍सकों की हुई प्रशंसा

सम्‍मेलन में गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज के तीन डॉक्टरों द्वारा किए गए शोध की प्रशंसा की गई। शोध कार्य डॉ. पंकज कुमार सिंह, डॉ. राज किशोर सिंह व डॉ. अजय कुमार यादव ने किया था। डॉ. पंकज को शोध पत्र प्रस्तुति पर गोल्ड मेडल मिला है। डॉ. राज किशोर सिंह को डायबिटीज की शिक्षा, शोध व सेवा हेतु सम्मानित फेलोशिप प्रदान की गई।

146 रोगियों पर किया गया शोध

यह शोध बीआरडी मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के इंडोक्राइन ओपीडी नंबर 20 में आए डायबिटीज टाइप- दो के 146 रोगियों पर किया गया था। उक्त सभी रोगी दवा के साथ तीन बार इंसुलिन ले रहे थे। सभी का शुगर नियंत्रित था व सभी रोज मात्र दो बार भोजन कर रहे थे। शोध के दौरान सभी मरीजों से कहा गया कि वे अपने भोजन को बैलेंस करें तथा चावल, रोटी, आलू आदि सभी प्रकार कार्बोहाइड्रेट का सेवन करें, साथ ही उसी मात्रा में प्रोटीन युक्त भोजन व हरी सब्जी व सलाद भी लें। एक बार में कोई भी एक फल जैसे आम भी ले सकते हैं।

तीन-चार बार में करें भाेजन

प्रतिदिन भोजन सिर्फ दो बार न करके पूरे भोजन को बांटकर प्रतिदिन तीन या चार बार लें। शोध में यह देखा गया कि 65.06 फीसद रोगियों (95) ने सलाह का पालन किया। उक्त 95 मरीजों में से 67.36 फीसद (64) मरीजों में इंसुलिन की दो खुराक बंद हो गई, इसके बाद भी उनका शुगर पूर्णत: नियंत्रित रहा। इस शोध से सिद्ध हुआ कि संतुलित आहार व प्रतिदिन मात्र दो बार के भोजन के बदले उसे बांटकर थोड़ा-थोड़ा प्रतिदिन तीन या चार भोजन लेने पर इंसुलिन की सिर्फ एक खुराक से ही शुगर को नियंत्रित किया जा सकता है।

यह भी जानें

डायबिटीज के मरीजों को फल और हरी सब्जियों का प्रयोग अधिक से अधिक मात्रा में करना चाहिए। इसके अलावा दाल का प्रयोग करने से भी फायदा होता है। कद्दू, पपीता, हरी पत्‍तेदार सब्जियों को खाने से मधुमेह कंट्रोल में रहता है।

यह भी है फायदेमंद

डायबिटीज के मरीज रस वाले फल और अखरोट, मूंगफली, बादाम का प्रयोग भी कर सकते हैं। मरीज यदि गुनगुना पानी पीएं, छाछ, जौ की दलिया और मिला जुला अनाज का प्रयोग करे तो यह उसके लिए काफी फायदेमंद होगा। अधिक से अधिक पानी पीना भी डायबिटीज के मरीजों के लिए अच्‍छा होता है। इसके अलावा यदि सुबह तीन किलोमीटर तक मार्निक वॉक शुगर के मरीजों के लिए बहुत ही फायदेमंद साबित होता है।

कुछ चिकित्‍सकों का मानना है कि जो लोग मधुमेह से पीडि़त नहीं हैं यदि वे फलों का सेवन करते हैं तो उनके अंदर मधुमेह होने की आशंका कम हो जाती है। मधुमेह के मरीज संतुलित मात्रा में केला, संतरा, कीवी जैसे फलों का सेवन कर सकते हैं। कम फैट वाला दूध, दही और सीमित मात्रा में चीज का भी प्रयोग कर सकते हैं। मधुमेह के मरीजों के लिए दही भी फायदेमंद होता है।

solved 5
wordpress 3 years ago 5 Answer
--------------------------- ---------------------------
+22

Author -> Poster Name

Short info